बाड़मेर9 मिनट पहले
बाड़मेर में सभी कॉलेजों में स्टूडेंट्स ने वोट देकर अपनी सरकार चुन ली है, लेकिन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज आएगा। पीजी कॉलेज में आज 30वां अध्यक्ष चुना चुनेगा। एबीवीपी प्रत्याशी प्रवीणसिंह व निर्दलीय-एनएसयूआई संयुक्त उम्मीदवार शिवकरण सारण के बीच कड़ा मुकाबला है। वोटिंग प्रतिशत बढ़ने से जीत का गणित भी बदलता जा रहा है। सुबह 10 बजे मतगणना शुरू होगी। इस बार वोटिंग प्रतिशत बीते 5 सालों में सबसे ज्यादा 81.37 फीसदी रहा है। वहीं, गर्ल्स कॉलेज में बीते दस सालों में सबसे कम 67.45 फीसदी रहा है।
दरअसल, शुक्रवार को जिले भर की सरकारी कॉलेजों में कड़े पुलिस सुरक्षा के बीच मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। बीते दो छात्रसंघ चुनावों से मतगणना में कॉलेज आयुक्तालय ने बदलाव किया है। पूर्व में मतदान के एक घंटे बाद मतगणना शुरू होती और रिजल्ट आ जाता था। लेकिन अब दूसरे दिन शनिवार को मतगणना हो रही है। पिछली बार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई थी, लेकिन इस बार उसमें भी 2 घंटे देरी की गई है। 10 मतणगना शुरू होगी। इसके बाद नतीजे आएंगे। प्रशासन ने जुलूस पर पाबंदी लगा रखी है।
पीजी व गर्ल्स कॉलेज की मतपेटियां कलेक्ट्रेट की ट्रेजरी में रखी गई है, जबकि जिले की अन्य कॉलेज की पेटियां संबंधित पुलिस थाने मे रखी गई है। शनिवार को सुबह 9 बजे इन मत पेटियों को मतगणना के लिए कॉलेज लाया गया। पीजी कॉलेज में कुल 32 मत पेटियां है, जहां तीन चरणों में मतगणना को पूर्ण किया जाएगा। माना जा रहा है कि 2 बजे तक नतीजे आ जाएंगे। गर्ल्स कॉलेज में एक-डेढ़ घंटे में ही मतगणना पूर्ण हो जाएगी।
पीजी पहला चुनाव 1965 में, आज चुनेंगे 30वां अध्यक्ष
पीजी कॉलेज में पहला चुनाव 1965 में हुआ था। तब से अब तक 29 छात्र संघ अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। शनिवार को रिजल्ट जारी होने के साथ ही 30 अध्यक्ष बनेगा। लेकिन छात्र राजनीति के बाद कोई भी छात्र नेता प्रमुख संगठनों की राजनीति में अपने राजनीतिक भविष्य को आकार नहीं दे पाया है। अधिकांश ने छात्र राजनीति के बाद सरकारी सेवाओं में जाना उचित समझा और कुछ राजनीति में सक्रिय रहे, लेकिन उन्हें कोई बड़ा पद नहीं मिला।
यह है पीजी कॉलेज के 29 अध्यक्ष
-डॉ. महानंद शर्मा (1965-66) -अर्जुन सिंह राठौड़ (1966-67) -कुम्पसिंह राठौड़ (1968-69) -सोहनलाल दांती (1970-71) -खरथाराम चौधरी (1971-72) -शंकरदान चरण (1972-73) -रूपसिंह राठौड़ (1974-75) -रामकिशोर माहेश्वरी (1977-78) -बाबूलाल चौधरी (1978-79) -बाबूदान चरण (1979-80) -गोपाल सिंह सोढा (1980-81) -जबरसिंह राठौड़ (1993-94) -हड़वंतसिंह भाटी (1994-95) -वीरमाराम (1995-96) -राजुसिंह भाटी (1996-97) -गौतम राजपुरोहित (1998-99) -देवीसिंह भाटी (1999-2000) -कुचटाराम मेघवाल (2001-02) -अखेसिंह भाटी (2002-03) -नरेशदेव सारण (2003-04) -राजपाल मेघवाल (2010-11) -प्रमोद चौधरी (2011-12) -रघुवीरसिंह तामलोर (2012-13) -छगन मेघवाल (2013-14) -नरपतराज मूढ़ (2014-15) -भूराराम गोदारा (2015-16) -गजेंद्रसिह गोरड़िया (2016-17) -जगदीश पूनिया (2017-18) -दीपेंद्र जाखड़ (2019-20)