अजमेर13 मिनट पहले
गर्भ में लड़का है या लड़की? यह बताना भारत में अपराध है और 10 साल तक की सजा हो सकती है। लेकिन अजमेर के बूढ़ा पुष्कर के रिसॉर्ट जॉलीवुड में अमेरिका की तर्ज पर जेंडर रिवील पार्टी हुई। एक इवेंट कंपनी ने इसका आयोजन किया, लेकिन न तो जिम्मेदारों को इसकी खबर हुई न रिसॉर्ट ने इसकी सूचना पुलिस या पीसीपीएनडीटी सेल को दी।
इस पार्टी में पति-पत्नी एक दूसरे को संकेतिक रूप में बताते हैं कि लड़का होगा या लड़की। इससे पहले वे भ्रूण लिंग जांच करवा लेते हैं। इसमें पति या पत्नी दोनों में एक को यह जानकारी होती है कि भ्रूण लड़का है या लड़की। इस तरह का चलन अमेरिका सहित कई अन्य देशों में है। बूढ़ा पुष्कर का यह रिसॉर्ट और इवेंट कंपनी ट्रोलर्स के निशाने पर है। नाम न देने की शर्त पर दो रिसॉर्ट संचालकों ने बताया कि इस तरह की पार्टी का आयोजन हुआ। यही नहीं, भास्कर के पास पार्टी के वीडियो फुटेज हैं। वीडियो रविवार का है।
अजमेर के बूढ़ा पुष्कर के रिसॉर्ट जॉलीवुड में अमेरिका की तर्ज पर जेंडर रिवील पार्टी हुई।
अजमेर के सीएमएचओ डॉ. अनुज पिंगोलिया के अनुसार, लिंग जांच की पुष्टि होने पर 10 साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। पीसीपीएनडीटी सेल कार्रवाई करती है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाती है, जिसमें त्वरित गिरफ्तारी होती है।
इस पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग कर रहे।
रेस्टोरेंट संचालक, पार्टी आयोजकों, इसमें हिस्सा लेने वालों की तुरंत गिरफ्तारी हो
सबसे बड़ा प्रश्न चिह्न तो रिसॉर्ट पर उठता है। इस तरह की पार्टी की सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी गई ? यही नहीं जब सोशल मीडिया पर खुलेआम इसका प्रचार हो रहा था तो पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की? अब सख्त संदेश देने के लिए पार्टी आयोजकों, इसमें हिस्सा लेने वालों और रेस्टोरेंट संचालक की गिरफ्तारी के साथ सख्त कार्रवाई हो।
जॉलीवुड रिसोर्ट के संचालक विनोद जॉनी का कहना रहा कि बर्थ डे पार्टी के लिए बुक किया गया। आजकल गोद भराई रस्म को बेबी शॉवर पार्टी बोलते है, होती रहती है। लड़का-लड़की जैसा कुछ नहीं।
(रिपोर्ट-अतुलसिंह)