जोधपुर6 घंटे पहले
दीपावली फेस्टिवल को लेकर जोधपुर के बाजार शनिवार को रोशनी से नहाए हुए नजर आ रहे हैं। शहर के सोजती गेट, त्रिपोलिया बाजार घंटाघर, नई सड़क पर की गई रंग-बिरंगी लाइटिंग यहां आने वाले खरीदारों को आकर्षित कर रही है। धनतेरस के पर्व पर यहां शनिवार को भारी भीड़ उमड़ी। इस बार प्रशासन की पहल पर त्रिपोलिया और घंटाघर के व्यापारी संघ ने मिलकर यहां पर आकर्षक लाइटिंग की है। रविवार से यहां शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
त्रिपोलिया बाजार की दो हजार से अधिक दुकानों में इस बार आकर्षक लाइटिंग की गई है।
त्रिपोलिया बाजार संघ के अध्यक्ष दीपक सोनी ने बताया कि इस बार कोरोनावायरस के दो वर्ष बाद दीपावली फेस्टिवल मनाया जा रहा है। इसको लेकर ग्राहकों के साथ ही दुकानदारों में भी जबरदस्त उत्साह है। ऐसे में फेस्टिवल की चमक और ज्यादा बढ़े इसके लिए यहां पर व्यापारी संगठनों ने मिलकर लाइटिंग की है।
व्यापारी पुखराज गौड़ ने बताया इस बार लाइटिंग के चलते बाजार में अलग ही रौनक नजर आ रही है। बाजार भी ग्राहकों की भीड़ से गुलजार नजर आ रहे हैं।
![जिला प्रशासन और व्यापारियों की पहल से इस बार जोधपुर के बाजार जगमगा रहे हैं।](https://i0.wp.com/images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/10/22/img20221022183521_1666449404.jpg?resize=730%2C548&ssl=1)
जिला प्रशासन और व्यापारियों की पहल से इस बार जोधपुर के बाजार जगमगा रहे हैं।
वहीं बाजार में भीड़ भाड़ के चलते पुलिस ने सुबह से ही यहां पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी इसके चलते यहां की ट्रैफिक व्यवस्था भी ठीक रही। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से हथियारबंद जवान भी जोधपुर के सोजती गेट, रेलवे स्टेशन, पावटा जैसी महत्वपूर्ण जगहों पर तैनात किए गए हैं।