उदयपुरएक घंटा पहले
बड़ी झील का पानी फतहसागर में डायवर्ट किया जाता है।
उदयपुर में पिछले कुछ दिनों से बरसात का दौर थमा हुआ है। मगर इसके बावजूद पानी की आवक लगातार हो रही है। इसी आवक के चलते उदयपुर की बड़ी झील रविवार देर रात छलक गई। 32 फीट क्षमता वाली यह झील 5 साल बाद छलकी है। इससे पहले 2017 में यह लबालब हुई थी। बड़ी झील के लबालब होने के बाद अब उदयपुर में सिर्फ जयसमंद झील का ही पूरा भरना शेष है। इसके अलावा उदयपुर के तमाम महत्वपूर्ण बांध और झीलें लबालब हो चुकी हैं।
फिलहाल बड़ी से बहुत धीरे-धीरे पानी छलक रहा है। आने वाली बरसातों में अगर तेजी से पानी आता है तो इसके गेट खोलकर पानी फतहसागर झील में डायवर्ट किया जाएगा।
जयसमंद झील अब सिर्फ 1.10 मीटर खाली
बरसात नहीं होने के बावजूद भी जयसमंद झील में लगातार पानी की आवक हो रही है। इसका जलस्तर सोमवार सुबह बढ़कर 7.28 मीटर पर पहुंच गया। 8.38 मीटर क्षमता वाली जयसमंद अब सिर्फ 1.10 मीटर खाली है। माना जा रहा है कि उदयपुर में अगले दौर की बरसात में जयसमंद झील लबालब हो जाएगी। आमतौर पर जयसमंद सितम्बर के अंत या अक्टूबर के महीने में पूरी तरह भरती है।
कल से फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग की मानें तो 30 अगस्त से उदयपुर के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि मानसून का नया दौर सक्रिय होगा। जिससे 30, 31 और 1 सितम्बर को उदयपुर सहित आसपास के इलाकों में बरसात हो सकती है। हालांकि यह बेहद छोटा दौर होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उदयपुर में मानसून के अभी 2 दौर और आ सकते हैं।